पटना : केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे के बयान के बाद लगातार राजनीतिक रूप से तीखी प्रतिक्रिया आ रही है। वहीं, इस बीच जेडीयू के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने बेतुका सा ही जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में इस तरह की एकाध घटनाएं होती रहती हैं। दरअसल, अश्विनी चौबे हाल के दिनों में बिहार में घटी नृशंस हत्याओं पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अरवल मां-बेटी की पेट्रोल डाल कर हत्या का जिक्र करते हुए और भागलपुर में महिला के हाथ और स्तन काटकर हत्या करने के मामले पर नीतीश सरकार को घेरा था। जिसके बाद उपेंद्र कुशवाहा भी उस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इस तरह की एकाध घटनाएं देश भर में होती रहती हैं। अश्विनी चौबे ने नीतीश कुमार और बिहार सरकार को नपुंसक जैसा बताया था। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार से इस्तीफे की भी मांग की।
बर्खास्त किए जाएं चौबे, कुशवाहा ने मोदी से की अपील
उपेंद्र कुशवाहा ने चौबे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे को बर्ख़ास्त किया जाना चाहिए। कुशवाहा ने मांग की है कि सीएम नीतीश कुमार पर अमर्यादित टिप्पणी करने वालों को बर्खास्त किया जाना चाहिए। अश्विनी चौबे केंद्र में मंत्री हैं और वो इस तरह की बात करते हैं तो इस पर प्रधानमंत्री को ध्यान देने की जरूरत है। बताते चलें, केंद्रीय राज्य मंंत्री अश्विनी चौबे ने बिहार सरकार और नीतीश कुमार को नपुंसक जैसा बताया है। जिसके बाद पूरा महागठबंधन हमलावर है।